Stock Market: टेंशन खत्म... युद्ध पर ट्रंप के एक संकेत से तेल के भाव में 4% गिरावट, सेंसेक्स ने पकड़ी रफ्तार; 1600 से ज्यादा अंकों की उछाल

आज भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखा गया। अमेरिका-ईरान शांति की उम्मीदों से सेंसेक्स 1695 अंक चढ़कर 75,528 पर और निफ्टी 461 अंक बढ़कर 23,623 पर बंद हुआ। तेल की कीमतें 4% गिरने से निवेशकों में उत्साह बढ़ गया है। रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी आई।

सेंसेक्स ने पकड़ी रफ्तार | Image: ANI

डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमला नहीं करने का ऐलान किया है। जिसके बाद भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच शांति की उम्मीदों ने निवेशकों का विश्वास बढ़ा दिया, जिससे बाजार में रैली छा गई।

सेंसेक्स आज 1695 अंक की बढ़त के साथ 75,528 अंक पर बंद हुआ। दिन में यह 75,608 अंक तक चढ़ गया था। निफ्टी भी 461 अंक ऊपर चढ़कर 23,623 अंक पर बंद हुआ। दोनों सूचकांकों में करीब 2% की तेजी आई।

इस तेजी से बाजार की कुल वैल्यू में 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। अब कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 460 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है।

बाजार में तेजी क्यों आई?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान बहुत जल्द शांति समझौता कर सकते हैं। ईरान के अधिकारियों के बयानों से भी डिप्लोमेसी में प्रगति होने की उम्मीद जगी। दोनों देशों के बीच तनाव कम होने से तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई। ब्रेंट क्रूड 4% गिरकर 87 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए सस्ता तेल अच्छी खबर है, क्योंकि इससे महंगाई कम होती है और सरकार का खर्च भी बचता है।

कहां हुई सबसे ज्यादा खरीदारी?

रियल्टी और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर सबसे ज्यादा 3% से ज्यादा चढ़े। टाटा स्टील, इंडिगो, लार्सन एंड टुब्रो, एसबीआई और टेक महिंद्रा जैसे शेयर अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी करीब 2% की तेजी आई। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर हरे निशान पर बंद हुए।

निफ्टी ने 23,000 के महत्वपूर्ण स्तर को बचाया और 23,500 के ऊपर बंद हुआ। अब यह 23,800-24,200 तक जा सकता है। हालांकि, निवेशकों को स्टॉक चुनकर और सावधानी से निवेश करना चाहिए।

ये भी पढ़ें: ओमान तट के पास कमर्शियल जहाजों पर हमले को लेकर भारत ने अमेरिकी अधिकारी को फिर किया तलब, 45 मिनट लगाई क्लास
 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 12 June 2026 at 16:48 IST