Weather Report: दो दिन और झेल लीजिए गर्मी और लू, फिर दिल्ली-NCR में होगी झमाझम बारिश; IMD ने दी Good News
दिल्ली-NCR के लोगों के लिए भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर आई है। दरअसल, 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिससे तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 3 min read
Weather Update: दिल्ली-NCR समेत आस-पास के इलाकों में पीछले दो दिनों से गर्मी अपने तीखे तेवर दिखा रही है, लेकिन चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच एक राहत भरी खबर मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बीते तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लेकिन अब आने वाले दो दिनों के बाद यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक देगा, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा।
अभी 2 दिन जारी रहेगा गर्मी का सितम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार (9 जून) को दिल्ली और आस-पास के इलाकों में तेज धूप के साथ लू (गर्म हवाएं) चलने की आशंका है। दिन के वक्त हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बुधवार (10 जून) को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। दोपहर या शाम के वक्त कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की आंधी आ सकती है, लेकिन गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है।
11 और 12 जून को तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, 11 जून की शाम से पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई देने लगेगा। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए दिल्ली-NCR में तेज आंधी और बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान बादलों की आवाजाही के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 12 जून को भी सुबह और शाम के समय मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट संभव
इस मौसमी बदलाव का सबसे बड़ा फायदा तापमान में गिरावट के रूप में मिलेगा। जहां 11 जून को पारा गिरकर 40 से 42 डिग्री सेल्सियस पर आएगा, वहीं 12 और 13 जून को इसमें भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। वीकेंड की शुरुआत में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। 13 जून को भी दोपहर बाद हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 जून से आसमान फिर साफ होने लगेगा और तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी का दौर शुरू हो जाएगा।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 9 June 2026 at 07:39 IST