Delhi Strike: दिल्ली में आज से 2 बड़ी हड़ताल, ऑटो-टैक्सी से ट्रक तक सब ठप, कई सेवाएं रहेंगी प्रभावित; घर से निकलने से पहले जरूर जानें...

Delhi Strike Today: दिल्ली-NCR में 21 से 23 मई तक दो बड़े ट्रांसपोर्ट संगठनों ने हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल से ऑटो, टैक्सी, ट्रक और ऐप-बेस्ड कैब सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी।

Follow :  
×

Share


Delhi Strike Today | Image: Representative ai

Delhi Strike today: अगर आप राजधानी दिल्ली या इसके आसपास के क्षेत्र में रहते हैं, तो ये खबर आपके लिए है। आज (21 मई) से अगले तीन दिन आपकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दिल्ली में एक साथ दो बड़े ट्रांसपोर्ट संगठन हड़ताल पर हैं। 21 मई से लेकर 23 मई तक ऑटो, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों ने तीन दिवसीय हड़ताल और चक्का जाम का ऐलान किया है। साथ ही मांगे पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की भी चेतावनी दी है।

क्यों हो रही ये हड़ताल?

दिल्ली में ट्रक और भारी वाहनों का परिवहन करने वाली देश की सबसे बड़ी संस्था ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) ने तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। ट्रांसपोर्टरों की सबसे बड़ी नाराजगी दिल्ली सरकार और CAQM द्वारा थोपी गई ‘ग्रीन टैक्स’ यानी पर्यावरण मुआवजा शुल्क (ECC) को लेकर है। उनका आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट ने केवल दिल्ली को ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल करने वाले वाहनों पर यह टैक्स लगाने की अनुमति दी थी, लेकिन CAQM और दिल्ली सरकार ने इसे सभी भारी वाहनों पर लागू कर दिया।

ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि अब हर ट्रिप पर उन्हें 2,500 से 3,000 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ रहा है। वे मांग कर रहे हैं कि जो वाहन सीधे दिल्ली आते हैं, उन्हें इस टैक्स से पूरी तरह छूट दी जाए। साथ ही दिल्ली बॉर्डर पर लगाए गए MCD टोल बैरियर हटाए जाएं और प्रदूषण मुक्त BS-6 ट्रकों को इस ग्रीन टैक्स के दायरे से बाहर रखा जाए।

इसके अलावा ऑटो और टैक्सी चालकों ने भी तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया था। चालक शक्ति यूनियन ने घोषणा की है कि 21 से 23 मई तक वे अपनी सेवाएं पूरी तरह बंद रखेंगे। ये हड़ताल CNG, पेट्रोल और डीजल के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी की वजह से बुलाई गई है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर अपनी सारी मांगों से अवगत कराया है। इस हड़ताल का असर आम जनजीवन पर पड़ सकता है। सब्जी, दूध, फल, दवा समेत जरूरी सामानों की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

ऑटो-टैक्सी की भी हड़ताल

21 से 23 मई तक दिल्ली-NCR में हड़ताल की वजह से ऑटो, टैक्सी और प्राइवेट कैब सेवाएं ठप रहने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों और शाम को घर लौटने वाले लोगों पर पड़ेगा। इन तीन दिनों में सड़कों पर ऑटो-टैक्सी मिलना मुश्किल हो सकता है।

इन विकल्पों का करें हड़ताल

अगर आपको इन तीन दिनों (21 से 23 मई) के बीच दिल्ली-NCR में कहीं बाहर निकलना है, तो पहले से ही अपनी यात्रा की प्लानिंग कर लें। दिल्ली मेट्रो और DTC बसें पूरी तरह सामान्य रूप से चलती रहेंगी। आप इनका सहारा लेकर आसानी से सफर कर सकते हैं।आपातकालीन सेवाओं में भी कोई बड़ी दिक्कत नहीं होने वाली है। अस्पतालों से जुड़ी मेडिकल दुकानें और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। हालांकि, सड़कों पर ऑटो, टैक्सी और ओला-उबर की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, इसलिए रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो को ही प्राथमिकता दें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

यह भी पढ़ें: बेल्ट गायब, CCTV टाइमिंग और गलत उम्र... ट्विशा शर्मा मामले में इन सवालों के बीच उलझी मौत की गुत्थी

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 21 May 2026 at 07:59 IST