'आपके प्रधानमंत्री...', पुतिन के बाद ट्रंप ने फिर की PM मोदी की तारीफ, साथ ही भारत को ताना मारा, ट्रेड डील पर भी दिया अपडेट

US India Trade Deal: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उनकी लीडरशिप को सराहा। इसके बाद अब ट्रंप ने प्रधानमंत्री को अपना अच्छा दोस्त बताया है। साथ ही भारत और यूएस ट्रेड डील पर भी अपडेट दिया।

ट्रंप ने फिर पीएम मोदी को बताया अच्छा दोस्त | Image: ANI/File

Donald Trump on PM Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर भारत संग ट्रेड डील पर बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अच्छा दोस्त बताते हुए भरोसा जताया कि जल्द ही दोनों देश किसी समझौते तक पहुंच जाएंगे। इस दौरान एक ओर तो ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ की, लेकिन दूसरी ओर वे भारत को ताना भी मार गए।

‘भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया, अब…’

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सालों तक भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया। उन्होंने हम पर भारी टैरिफ लगाए और बदले में कुछ भी नहीं दिया। अब स्थिति बिल्कुल उलट है और हम भारत के साथ काफी पैसा कमा रहे हैं। हम एक समझौते पर पहुंचेंगे, क्योंकि मुझे आपके प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) बहुत पसंद हैं। वह मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारी आपस में अच्छी बनती है। हमारे रिश्ते अच्छे हैं।

June 4, 2026

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक मुद्दों पर बातचीत तेज हो गई है। 1 से 4 जून तक नई दिल्ली में दोनों देशों के अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की। USTR के अधिकारियों ने भारतीय समकक्षों के साथ वस्तु व्यापार, सीमा शुल्क, व्यापार सुगमता, गैर-टैरिफ बाधाएं और आर्थिक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बात की।

अंतिम चरण में बातचीत

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि बातचीत अंतिम चरण में है, सिर्फ छोटा-सा हिस्सा बाकी है। वहीं, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल भी संकेत दे चुके हैं कि ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है। अब सिर्फ अंतिम बिंदुओं पर काम चल रहा है, जिसके बाद समझौते के पहले चरण की घोषणा हो सकती है।

54 देशों पर नए टैरिफ की तैयारी, भारत भी शामिल

इस बीच अमेरिका ने मंगलवार (2 जून) को कई देशों पर नया टैरिफ का बड़ा प्रस्ताव रख दिया। इसमें 10 प्रतिशत और 12.5 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी है। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि उसकी जांच में सामने आया है कि 60 देशों से आने वाले सामान जबरन मजदूरी (फोर्स्ड लेबर) का इस्तेमाल करके बनाए जा रहे हैं।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने 54 देशों की लिस्ट जारी की है। इन देशों पर आरोप है कि उन्होंने जबरन मजदूरी से बने सामान के आयात पर पाबंदी लगाने वाले अपने कानूनों को ठीक से लागू नहीं किया। इस लिस्ट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, चीन, इजरायल, जापान, कतर और रूस जैसे देश शामिल हैं।

USTR के मुताबिक, जिन देशों के पास पहले से कुछ नियम हैं या जिन्होंने व्यापार समझौतों के तहत ऐसे नियम बनाने का वादा किया है, उन पर 10 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लग सकता है। बाकी देशों पर 12.5 प्रतिशत का टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा प्रस्ताव में एक खास कपड़ा (टेक्सटाइल) व्यवस्था भी रखी गई है, जिसके तहत कुछ देशों से तय मात्रा में कपड़े और कपड़ा उत्पाद अमेरिका में कम टैरिफ दर पर आयात किए जा सकेंगे।

यह भी पढ़ें: रूस से भारत के रिश्ते खराब कराना चाहता है अमेरिका? पुतिन बोले- भारत पर दबाव बनाना बेकार, PM मोदी झुकने वाले नहीं

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 5 June 2026 at 08:12 IST