Weather: केरल में मानसून की दस्तक के बाद दिल्ली-NCR समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं; जानें IMD का ताजा अपडेट
केरल में मानसून की एंट्री हो चुकी है। 18 राज्यों में तूफानी हवाएं चलने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसी के साथ ही दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम अचानक बदलता दिखेगा। IMD की पूरी डिटेल पढ़ें।
- भारत
- 2 min read

Weather: आज 5 जून को मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में एंट्री कर ली है। IMD के मुताबिक, मानसून अब कर्नाटक और तमिलनाडु की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में ये महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में पहुंचने की संभावना है।
देश के 18 राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट IMD ने जारी किया है। इनमें 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवाएं 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम 29°C रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी जिलों जैसे मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और लखनऊ में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। 50-60 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी यूपी में अगले कुछ दिनों में लू की आशंका भी जताई गई है।
राजस्थान और हिमाचल में भी अलर्ट
राजस्थान के जयपुर, अलवर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा समेत कई जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और अन्य पहाड़ी जिलों में भारी बारिश और ओले पड़ सकते हैं।