रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे से मची हलचल, अब डैमेज कंट्रोल में जुटे CM डीके शिवकुमार, कहा- चिंता की कोई बात नहीं, सब ठीक...
Karanataka Congress: रामलिंगा रेड्डी पोर्टफोलियो बंटवारे से नाराज हो गए। उनका कहना है कि उन्हें जो विभाग देने का वादा हुआ था, वो नहीं मिला। ऐसे में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
- भारत
- 3 min read

DK Shivakumar on Ramalinga Reddy Resignation: कर्नाटक में डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण और विभागों के बंटवारे के बाद कांग्रेस में अंसतोष खुलकर सामने आने लगा है। पोर्टफोलियो बंटवारे के बाद मनचाहा विभाग न मिलने से नाराज रामलिंगा रेड्डी ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, जो सीएम डीके शिवकुमार के लिए पहला और जोरदार झटका है। उनके इस्तीफे पर अब मुख्यमंत्री ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। हम इस समस्या को सुलझा लेंगे।
मैं रामलिंगा रेड्डी से बात करूंगा- डीके शिवकुमार
सीएम डीके शिवकुमार ने रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें कैबिनेट में सबसे करीबी दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि हम इस समस्या को सुलझा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, "रामलिंगा रेड्डी मेरे सहयोगी और हमारे वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने कहा कि वह गांव जाकर काम नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मुझे उन्हें कोई दूसरा मंत्री पद देना चाहिए। मैं रामलिंगा रेड्डी से बात करूंगा और सब ठीक कर दूंगा।"
मनचाहा विभाग न मिलने से हुए नाराज
कर्नाटक में सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद 3 जून को डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इसके बाद गुरुवार (4 जून) को नई सरकार में विभागों का बंटवारा हुआ। रामलिंगा रेड्डी को जल संसाधन विभाग (वाटर रिसोर्सेज) का जिम्मा सौंपा गया। उनकी मांग बेंगलुरु विकास विभाग की थी, जो न मिलने से वे नाराज हो गए।
Advertisement
सीएम पर लगाए आरोप
रामलिंगा रेड्डी ने डीके शिवकुमार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डीके शिवकुमार ने मुझसे कहा था कि जब मैं मुख्यमंत्री बनूंगा, तो इस मंत्रालय (बेंगलुरु विकास) को छोड़ दूंगा। आप इसे संभाल लेना। रेड्डी ने बताया कि शिवकुमार ने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले भी आश्वस्त किया था कि ये पोर्टफोलिया उन्हें ही मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मैंने कभी इस विभाग की मांग खुद नहीं की, लेकिन बार-बार मुझे भरोसा दिया गया। इसके बाद अब मुझे जल संसाधन विभाग दे दिया गया है। इस फैसले से मैं बेहद निराश हूं और इसीलिए इस्तीफा दे रहा हूं।
Advertisement
इस दौरान रामलिंगा रेड्डी ने यह भी साफ किया कि वे कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं अभी भी कांग्रेस पार्टी में हूं। मैंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। मैं पिछले 53 सालों से कांग्रेस पार्टी में हूं। मैंने पार्टी में कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। मैंने पूर्व मुख्यमंत्री एम. वीरप्पा मोइली और एस.एम. कृष्णा समेत कई मुख्यमंत्रियों की कैबिनेट में मंत्री के तौर पर काम किया है। मैंने कभी किसी से मंत्री पद नहीं मांगा।